ghanaaksharee-baba-kalpnesh

Hindi Kavita Prabhu Ram / बाबा कल्पनेश

Hindi Kavita Prabhu Ram

छंद-तोटक

प्रभु राम


प्रभु राम हरो दुख द्वंद सभी।
नहिं नाथ रहे दुखियान कभी।।
निज भक्ति गुमान भरो हिय में।
अनुरक्त न हो लख के तिय में।।

प्रभु भीतर-बाहर आप सदा।
नित रक्ष करो धरि हाथ गदा।।
परिधान तुम्हार वरे समता।
अँधियार हरे निज दे ममता।।

हरि संतन के रखवाल रहें।
यह वेद कहें हर ग्रंथ कहें।।
नहिं भक्ति हिए सच हूँ कहता।
इस कारण से जग को सहता।।

दुख ही दुख दें प्रभु आप भले।
निज पाँव जहाँ इसको रख लें।।
नित गान करूँ लिख छंद सुनो।
यह पाप परायण पाप धुनो।।

प्रह्लाद बचा जग में तुमसे।
यह क्लेश कहे उर की किससे।
बिन वाक् कहे प्रभु आप सुनें।
निज दर्द कहे प्रभु पाप धुनें।।

हर पाप प्रताप भरें उर में।
तब बोध जगे जग आतुर में।।
जग आतुरता हर लें इसकी।
यह मार सहा करता जिसकी।।

उर में अति पीर निवारण हो।
हरि की महिमा नित धारण हो।।
वर दे जग मान बिभीषन को।
वर दे निज भक्ति सुतीक्षन को।।

जिनने शबरी निज भक्ति दिए।
कर जागृत दें निज भक्ति हिए।।
निज भक्त बनाकर के रख लें।
भर दृष्टि दया करके लख लें।।


छंद-चामर

विधान- र ज र ज र
212 121 212 121 212

हे रमा निवास आप दीन पे दया करें।
है अबोध नाथ जान लाल पे मया करें।।
आप सेतु बंध बाँध सीय को बचा लिए।
भक्ति दान-मान दे स्वकीय को बचा लिए।।

दीन-हीन जान आप हाथ शीश पे धरें।
याज्ञवल्क्य संत आदि गान आप का करें।।
बोल-बोल सीयराम संत पार हो गए।
है अनाथ कल्पनेश स्वप्न सार खो गए।।

काम आदि व्यूह में फँसा हुआ लखें इसे।
तिक्त-तिक्त सार लें सुदीनता चखें इसे।।
आप हैं अजानुबाहु हाथ से धरें इसे।
दे सजीवनी प्रभो सुप्राणता वरें इसे।।

मोह अंधकार में फँसा पड़ा निहारता।
घोर कष्ट को सहे प्रभो तुम्हे पुकारता।।
आप ही बचा सकें नहीं उपाय और है।
जो गरीब हो गया उसे कहाँ सुठौर है।।

आप हैं अनंत नाथ शीश पे सुमौर दें।
एक टूक को मरे सुनीक एक कौर दें।।
भिक्षु सा बना हुआ फिरा करे दिशा-दिशा।
नाम एक आपका गिरा करे दिशा-दिशा।।

नाम का महिम्न तो बचा रहे कृपा करें।
ले अजानुबाहु नाथ दीन को कृपा वरें।।
दीन हो पुकारता धरा कभी सुने नहीं।
पीर जो हिए भरी उसे कभी गुने नहीं।।

है अनाथ नाथ आप पाप-ताप को हरें।
भक्ति ज्ञान दान दे सुसाहसी इसे करें।।
जी सके सुचारु भाव आप गीत दान दें।
क्षत्र आप का विशाल दीन को वितान दें।।

 

बाबा कल्पनेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *