हिन्दू नव वर्ष पर कविता 2023 – Hindu New Year Poem in Hindi – हिन्दू नव वर्ष पोएम इन हिंदी – Hindu Nav Varsh Kavita Hindi me
हिन्दू नव वर्ष पर कविता 2023 – Hindu New Year Poem in Hindi – हिन्दू नव वर्ष पोएम इन हिंदी – Hindu Nav Varsh Kavita Hindi me
नववर्ष
विथा-तोटक छंद
112 112 112 112
नित वंदन है नित वंदन है।।
नव वर्ष अहो!अभिनंदन है
करतार तुम्ही जगतीतल के।
परिपूरक श्री धरणीतल के।।
शिव कारक हो शुभ कारक हो।
तुम सृष्टि नियामक धारक हो।।
पग वंदन है प्रभु चंदन है।
नव वर्ष अहो अभिनंदन है।।
शुभ दृष्टि प्रदान किया करते।
जग को पहचान दिया करते।।
तुम में सब जीव जिया करते।
रस मिष्ट प्रभूत पिया करते।।
तुम से जग का वन नंदन है।
नव वर्ष अहो!अभिनंदन है।।
प्रभुता मद में यह मानव हो।
लगता तब है जिमि दानव हो।
अति कष्ट मिला करता जिससे।
उर लोक हिला करता जिससे।।
जिससे धरती पर क्रंदन है।
नव वर्ष अहो!अभिनंदन है।।
तुम सुंदर हो शुभ दायक हो।
इस जीवन के सब लायक हो।
शुभ आकर हो उर गेह रहो।
शुभ बारिश हो बन मेह रहो।
उर क्रंदन धो यह स्यंदन है।
नव वर्ष अहो!अभिनंदन है।।
जिस भाँति प्रभात किए जग में।
उस भाँति प्रकाश करो मग में।।
तुम मानसरोवर जीवन के।
नवनीत अहो धरती वन के।।
यह मानव मन का मंथन है।
नव वर्ष अहो !अभिनंदन है।।
बाबा कल्पनेश